नीमच टुडे न्यूज़ | सिंगोली सिंगोली तहसील के ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले पांच दिनों से दहशत का कारण बने दो विशालकाय मगरमच्छों को वन विभाग की टीम ने सफल रेस्क्यू अभियान चलाकर पकड़ लिया। धनगांव और कदवासा गांव की तालाइयों में मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में भय का माहौल था। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम लगातार अभियान में जुटी रही। धनगांव बस स्टैंड स्थित तलाई से तीन दिन की मशक्कत के बाद एक मगरमच्छ को पकड़ा गया, जबकि कदवासा के बालापुरा नई आबादी स्थित तलाई में मिले दूसरे मगरमच्छ को करीब पांच घंटे के अभियान के बाद सुरक्षित पकड़ लिया गया। रतनगढ़ वन परिक्षेत्र अधिकारी बापूलाल डायना ने बताया कि दोनों मगरमच्छों को शासकीय वाहन से चंबल नदी ले जाकर उनके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ा जाएगा। पूरे अभियान का नेतृत्व परिक्षेत्र अधिकारी बापूलाल डायना ने किया। वन विभाग की टीम के साथ स्थानीय ग्रामीणों ने भी सक्रिय सहयोग किया। मगरमच्छों के रेस्क्यू के बाद दोनों गांवों के लोगों ने राहत की सांस ली और वन विभाग की तत्पर कार्रवाई की सराहना की।