नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर गायत्री शक्तिपीठ, नीमच में आयोजित विद्यारंभ संस्कार कार्यक्रम में क्रिएटिव माइंड्स ग्लोबल स्कूल के नर्सरी कक्षा के विद्यार्थियों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच संपन्न हुए इस संस्कार में बच्चों ने मां सरस्वती और गुरु परंपरा का आशीर्वाद लेकर अपने शैक्षिक जीवन की औपचारिक शुरुआत की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों को भारतीय संस्कृति, गुरु-शिष्य परंपरा, शिक्षा के महत्व तथा जीवन में संस्कारों की भूमिका की जानकारी दी गई। विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे बच्चों ने भी इस आयोजन में सहभागिता कर भारतीय आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अनुभव प्राप्त किया। इस अवसर पर क्रिएटिव माइंड्स ग्लोबल स्कूल के शिक्षक भी विद्यार्थियों के साथ मौजूद रहे और पूरे कार्यक्रम में उनका मार्गदर्शन किया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसे संस्कारात्मक आयोजन बच्चों में नैतिक मूल्य, अनुशासन, गुरुजनों के प्रति सम्मान और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के प्रति आस्था विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।