मंडी शुल्क 1.5% बढ़ाने के फैसले के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन किसानों व व्यापारियों के हित में निर्णय वापस लेने की मांग, मंडी समिति पहुंचकर सौंपा ज्ञापन | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच मध्य प्रदेश में मंडी शुल्क 1.5 प्रतिशत किए जाने के निर्णय के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस नेताओं और किसानों ने कृषि उपज मंडी समिति, नीमच पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने मंडी शुल्क बढ़ाने के फैसले को किसानों, व्यापारियों और उपभोक्ताओं के हितों के विपरीत बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि शुल्क वृद्धि से कृषि उपज के व्यापार की लागत बढ़ेगी, जिसका सीधा असर किसानों को मिलने वाले मूल्य, व्यापारियों के कारोबार और आम उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। साथ ही पड़ोसी राज्यों की तुलना में अधिक मंडी शुल्क होने से व्यापार के पलायन और रोजगार पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई। कांग्रेस उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ ने आरोप लगाया कि यह निर्णय किसानों और व्यापारियों से पर्याप्त संवाद किए बिना लिया गया है। प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, आशा सांभर, ब्रजेश मित्तल, योगेश प्रजापति, मोनू लोक्स सहित बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Top