पटवारी पर रिश्वत और लापरवाही के आरोप, किसानों ने कलेक्टर से की जांच व कार्रवाई की मांग | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच मनासा तहसील के ग्राम भदवा, रतनपुरा, कड़ी आंत्री और देवरी आंत्री के किसानों ने गुरुवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर हल्का पटवारी दीपक पाल (धनगर) पर गंभीर आरोप लगाए। किसानों का दावा है कि वर्ष 2025 में अतिवृष्टि से सोयाबीन की फसल करीब 90 प्रतिशत तक नष्ट होने के बावजूद समय पर सर्वे नहीं किया गया, जिससे कई किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लाभ से वंचित रह गए। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि मृतक नामांतरण और किसान सम्मान निधि पोर्टल पर वारिसों का नाम दर्ज करने के लिए 5 से 10 हजार रुपये तक की अवैध राशि मांगी जाती है। किसानों ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित पटवारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई, वर्ष 2025 की फसल क्षति का पुनः विशेष पंचनामा कराने तथा पात्र किसानों को बीमा और मुआवजा दिलाने की मांग की है। ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने प्रशासन से जल्द न्याय दिलाने की अपेक्षा जताई है।

Top