पहले मासूम के पैर से टकराई कार, फिर पेट्रोल पंप पर जमकर हुआ बवाल; मारपीट तक पहुंचा विवाद |  @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच शहर के नागौरी पेट्रोल पंप पर शुक्रवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब एक कार के मासूम बच्ची के पैर से टकराने के आरोप को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। कुछ ही देर में कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हो गई। घटना में अमावली महल निवासी गजेंद्र सिंह घायल हो गए, जिनके सिर में चोट आने पर उन्हें अस्पताल भेजा गया। बच्ची का भी मेडिकल परीक्षण कराया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना उस समय हुई जब गजेंद्र सिंह अपनी मोटरसाइकिल में पेट्रोल भरवा रहे थे और उनकी बच्ची पास में खड़ी थी। इसी दौरान वहां पहुंची एक अर्टिगा कार के पहिए से बच्ची के पैर के संपर्क में आने का आरोप लगाया गया। इस बात का विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घायल पक्ष ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनके साथ हमला किया गया, जिससे उनके सिर में चोट आई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले जाकर पूछताछ की। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों व जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Top