सांदीपनि विद्यालय विवाद में नया मोड़, वैकल्पिक ज़मीन पर निर्माण को विधायक ने दी सहमति | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के खेल मैदान को बचाने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच 'खेल मैदान बचाओ संघर्ष समिति' ने विधायक दिलीप सिंह परिहार और नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा से मुलाकात कर मैदान को सुरक्षित रखने की मांग दोहराई। विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि उनकी प्राथमिकता विद्यालय का शीघ्र निर्माण है, लेकिन यदि प्रशासन और नगर पालिका सांदीपनि विद्यालय के लिए शहर में वैकल्पिक भूमि उपलब्ध कराते हैं तो वहां स्कूल बनाए जाने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने भी कहा कि शासन-प्रशासन जिस वैकल्पिक भूमि का चयन करेगा, उसे हस्तांतरित करने के लिए नगर पालिका पूरी तरह तैयार है।

बैठक में महाराणा प्रताप प्रतिमा चौराहा और मनासा रोड स्थित विवादित जमीनों का मुद्दा भी उठा। मुख्य नगरपालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने बताया कि संबंधित मामलों में न्यायालय में जवाब प्रस्तुत किया जा चुका है और प्रकरण विचाराधीन हैं। समिति का कहना है कि यदि ये जमीनें उपलब्ध होती हैं तो वहां विद्यालय बनाया जा सकता है। इधर संघर्ष समिति ने प्रस्तावित सांदीपनि विद्यालय का नक्शा सार्वजनिक करते हुए दावा किया कि इससे पूरा खेल मैदान निर्माण क्षेत्र में शामिल हो जाएगा। समिति ने आरोप लगाया कि मैदान सुरक्षित रहने संबंधी प्रशासनिक दावे वास्तविक नक्शे से मेल नहीं खाते। समिति ने स्पष्ट किया कि जब तक खेल मैदान को पूर्ण रूप से संरक्षित घोषित कर विद्यालय के लिए वैकल्पिक भूमि तय नहीं की जाती, तब तक उनका चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा।

Top