नीमच टुडे न्यूज़ | धर्मवीर छत्रपति संभाजी महाराज की घोड़े पर सवार विराठ मूर्ति एक विशेष रथ में विराजमान होकर ऐतिहासिक यात्रा पर निकली है। यह रथयात्रा महाराष्ट्र के नाशिक, वेरूळ, संभाजीनगर और धुले होते हुए दिल्ली के लिए रवाना हो चुकी है। यह मूर्ति यात्रा 11 मई 2025 को शाम लगभग 6 बजे मध्यप्रदेश के नीमच नगर में प्रवेश करेगी। मराठा समाज के अध्यक्ष शैलेंद्र देवधर, सचिव आनंद नवले, कोषाध्यक्ष मंगेश दलवी, रुपेश जाधव, कमल राव शिंदे ,चंद्र प्रकाश शिंदे,शम्भा जी राव जाधव ने बताया कि क्षत्रिय मराठा समाज, नीमच द्वारा 11 मई को शाम 6 बजे इस ऐतिहासिक अवसर पर छत्रपति शिवाजी वाटिका, भारतीय जीवन बीमा निगम चौराहा, नीमच पर मूर्ति और उसके साथ चल रही टीम का गरिमामय सम्मान किया जाएगा।
छत्रपति संभाजी महाराज राष्ट्रीय जन्मोत्सव गौरव रथ यात्रा भारत देश के पांच राज्यों में महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। यात्रा इंदौर जावरा मंदसौर होते हुए नीमच पहुंचेगी। यात्रा नीमच से निंबाहेड़ा, चितौड़गढ़, भीलवाड़ा, किशनगढ़, अजमेर जयपुर गुड़गांव होते हुए दिल्ली की ओर प्रस्थान करेगी। भारत क्रांति मिशन के राष्ट्रीय समन्वयक डॉ विलास पांगरकर, मुख्य समन्वयक डॉक्टर विजय कांकडे पाटिल, ने बताया कि छत्रपति संभाजी महाराज छत्रपति शिवाजी महाराज के वीर पुत्र, संभाजी महाराज ने अपने अद्वितीय पराक्रम, विद्वत्ता और स्वराज्य के लिए अपने बलिदान से इतिहास में अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने औरंगज़ेब की मुगल सत्ता के खिलाफ वीरता से संघर्ष करते हुए धर्म और मातृभूमि की रक्षा की। उनकी शौर्यगाथा आज भी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित फिल्म ‘छावा’ हाल ही में प्रदर्शित हो चुकी है और लोगों ने इसमें महाराज के साहस, बलिदान और स्वाभिमान को बेहद सराहा है। यह मूर्ति यात्रा भी इसी भावना से प्रेरित है- ताकि देशभर में महाराज की स्मृति और सम्मान को जीवंत रखा जा सके।