BIG NEWS :- आधी रात को एसपी पहुंचे थाने...! जिलेभर में चला औचक निरीक्षण अभियान, रजिस्टरों से लेकर हवालात और CCTV तक की जांच | पढ़े पूरी खबर...| @NeemuchToday

नीमच टूडे न्यूज़। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने एवं पुलिसिंग की गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर 14-15 जून 2025 की मध्यरात्रि को जिले के पुलिस थानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का नेतृत्व स्वयं पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने किया, जिनके साथ जिले के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न थानों का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने थाना बघाना का औचक निरीक्षण करते हुए हवालात की साफ-सफाई, रोशनदान की सुरक्षा, शौचालय की स्वच्छता, CCTV कैमरों की कार्यप्रणाली और बैकअप सिस्टम की जांच की। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कैमरों को हमेशा चालू रखा जाए और किसी भी तकनीकी समस्या की तत्काल सूचना वरिष्ठ कार्यालय को दी जाए। इसके अलावा अपराध रजिस्टर, वारंट तामीली, एमएलसी रजिस्टर, गुंडा रजिस्टर, स्थाई वारंट फाइल जैसी अभिलेखों का भी गहन अवलोकन किया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया ने थाना जीरन का निरीक्षण किया। नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान ने नीमच सिटी, नीमच कैंट, बघाना एवं जीरन थानों की जांच की। जावद की एसडीओपी निकीता सिंह ने थाना जावद, रतनगढ़ और सिंगोली का निरीक्षण किया, जबकि मनासा एसडीओपी श्रीमती साहेबा अंसारी ने थाना मनासा, कुकड़ेश्वर और रामपुरा में जांच की।
निरीक्षण के दौरान सभी अधिकारियों ने थानों में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेजों जैसे मालखाना रजिस्टर, निगरानी सूची, बीट/माइक्रोबीट पुस्तकें, हवालात व्यवस्था, रात्रि गश्त रजिस्टर और गुंडा रजिस्टर सहित समस्त रिकॉर्ड का परीक्षण किया। साथ ही थाना प्रभारियों को आवश्यक सुधारात्मक निर्देश भी दिए गए। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशों के अनुरूप जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने जिम्मेदारी से निरीक्षण किया, जिससे पुलिसिंग की पारदर्शिता और सक्रियता को और मजबूती मिलेगी। यह औचक निरीक्षण आने वाले दिनों में पुलिस व्यवस्था में सुधार और आमजन की सुरक्षा में नया विश्वास पैदा करेगा।

Top