नीमच टूडे न्यूज़ | खनिज अधिकारी गजेन्द्रसिंह डावर एवं उनकी टीम द्वारा शुक्रवार और शनिवार को नयागांव एवं मनासा क्षेत्र में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध सघन अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के दौरान रेत एवं फर्शी पत्थर के अवैध परिवहन में संलिप्त कुल पांच वाहनों को जप्त किया गया है। जब्त किए गए वाहनों में एक ट्राला (पंजीयन क्रमांक आर.जे.09 जी.डी.8931) जिसमें रेत का परिवहन किया जा रहा था, एवं चार ट्रैक्टर शामिल हैं। इनमें महेन्द्रा 475 डी.आई.एक्स.पी. (फर्शी पत्थर), महेन्द्रा 275 डी.आई.एक्स.पी. (फर्शी पत्थर), एम.पी. 44 बी.सी.1915 (रेत) तथा स्वराज 735 एफ.ई. (रेत) शामिल हैं। इन वाहनों को पुलिस थाना मनासा एवं नयागांव की अभिरक्षा में सुरक्षार्थ खड़ा किया गया है। खनिज विभाग द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। खनिज अधिकारी ने बताया कि यह अभियान अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण एवं राजस्व की हानि को रोकने के उद्देश्य से संचालित किया गया। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि वे अवैध खनन या परिवहन की जानकारी रखें, तो तुरंत विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचित करें।