नीमच टुडे न्यूज़ | भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 का कार्य नीमच जिले में तीव्र गति से जारी है। जिले में 4 नवंबर से 4 दिसंबर 2025 तक बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर पहुँचकर गणना पत्रक का वितरण, फॉर्म का डिजिटलाइजेशन और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएँ संचालित की जा रही हैं। बीएलओ के कार्य में सहयोग हेतु आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, जनपद पंचायत तथा नगरीय निकायों के स्थानीय स्तर के कर्मचारियों को भी नियुक्त किया गया है, जिससे पुनरीक्षण कार्य व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ सके। जिले के सभी मतदान केंद्रों पर गणना फॉर्म के संग्रह एवं डिजिटलाइजेशन की प्रगति का निरीक्षण करने के लिए अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी स्वयं फील्ड पर उतरे। उन्होंने कार्य की समीक्षा की और पुनरीक्षण की गति बढ़ाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए। अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित समयसीमा में मतदाता सूची का अद्यतन कार्य पूर्ण करने के लिए सभी स्तरों पर समन्वय के साथ कार्य किया जा रहा है, ताकि मतदाता सूची अधिक सटीक और अद्यतन रूप में तैयार हो सके।
