नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच विश्वकर्मा समाज के आराध्य देव, भगवान श्री विश्वकर्मा जी के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर दिव्यांग ज्योति सेवा संस्थान, नीमच ने सामाजिक सेवा की मिसाल पेश करते हुए रेड क्रॉस ब्लड बैंक में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री विश्वकर्मा जी के चित्र पर माल्यार्पण और पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके बाद अक्षय ब्लड हेल्पलाइन की सहायता से रक्तदान शिविर सुचारू रूप से संचालित हुआ। शिविर में समाजजन और युवा बढ़-चढ़कर शामिल हुए और रक्तदान कर मानव जीवन बचाने का संकल्प लिया। रक्तदान करने वाले दाताओं को प्रशंसा पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर कुल 21 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया था और आयोजन शाम 4 बजे तक चला। आयोजकों ने बताया कि रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिल सकता है और ऐसे कार्यक्रम समाज में परोपकार, मानवता और जागरूकता को बढ़ावा देते हैं। इस अवसर पर रामप्रकाश बलदेवा, जगदीश शर्मा, भंवर लाल शर्मा, किशन लाल शर्मा, भोपराज शर्मा, शंभू प्रसाद शर्मा और कुशल शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।