नीमच में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का समापन, हेलमेट पहनने वाले चालकों को किया सम्मानित | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा माह के समापन अवसर पर शनिवार को यातायात पुलिस नीमच द्वारा चोपड़ा चौराहा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वाहन चालकों में सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के प्रति जागरूकता बढ़ाना और दुर्घटनाओं से बचाव के महत्व को समझाना था। कार्यक्रम के दौरान हेलमेट पहनकर वाहन चलाने वाले जिम्मेदार चालकों को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। वहीं, बिना हेलमेट वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों को रोककर समझाइश दी गई। एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया ने कहा कि नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपने और अपने परिवार के जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी है। उन्होंने वाहन चालकों को बीमा करवाने, मोबाइल पर बात करते समय वाहन न चलाने और ड्राइविंग लाइसेंस अनिवार्य रूप से बनवाने की सलाह भी दी। कार्यक्रम में यातायात नियमों पर आधारित क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को हेलमेट और बैग प्रदान कर सम्मानित किया गया। यातायात पुलिस ने विशेष रूप से सीट बेल्ट और हेलमेट का उपयोग करने, तेज गति से वाहन न चलाने और शराब पीकर वाहन न चलाने की समझाइश दी। कार्यक्रम में एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया, सीएसपी किरण सिंह चौहान, यातायात प्रभारी सोनू बडगूजर, पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक उपस्थित रहे।

Top