सीमेंट फैक्ट्री में रंगदारी का आतंक, हिस्ट्रीशीटर बदमाशों ने मांगे 2 लाख, CCTV में कैद गुंडागर्दी | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले के सगराना गांव में निर्माणाधीन गोल्डक्रेस्ट सीमेंट फैक्ट्री में रंगदारी और गुंडागर्दी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव के ही दो हिस्ट्रीशीटर बदमाशों ने फैक्ट्री प्रबंधन से प्रति माह दो लाख रुपए की अवैध वसूली की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर काम बंद कराने और जान से मारने की धमकी दी गई। घटना 30 जनवरी की है गांव के ही हिस्ट्रीशीटर बदमाश महेंद्रसिंह सौंधिया और दलपतसिंह सौंधिया ने फैक्ट्री प्रबंधन से प्रति माह एक-एक लाख रुपए की अवैध वसूली की मांग की। दोनों आरोपी फैक्ट्री परिसर में घुस आए और जीएम टेक्निकल गगन तिवारी के साथ लोहे के पाइप से मारपीट की, जिससे उन्हें हाथ में चोट आई। बीच-बचाव करने आए सुरक्षा गार्ड सुभाषचंद्र शर्मा के साथ भी मारपीट कर उसकी वर्दी फाड़ दी गई। आरोपियों ने कार्यालय का गेट तोड़कर दहशत फैलाई। घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। गगन तिवारी की शिकायत पर नीमच कैंट थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर दोनों फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Top