नीमच टुडे न्यूज़ । 1 फरवरी को नीमच में जिला कांग्रेस कमेटी की समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक होटल वृंदावन ग्रीन्स में प्रातः 10:00 बजे शुरू हुई, जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं मध्य प्रदेश सह-प्रभारी संजय दत्त विशेष रूप से उपस्थित हुए। बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों और स्थानीय मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने बताया कि बैठक प्रदेश कांग्रेस द्वारा निर्धारित एजेंडे पर आधारित थी। इसमें जिला समन्वय समिति के पदाधिकारी, पूर्व विधायक, पूर्व जिला अध्यक्ष, प्रदेश स्तर के पदाधिकारी, पीसीसी सदस्य, मोर्चा संगठनों के अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष और निर्वाचन प्रभारी उपस्थित थे। जिला कांग्रेस प्रवक्ता भगत वर्मा ने बताया कि संजय दत्त का मार्गदर्शन जिले के कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने 1 फरवरी को प्रातः 8:30 से 9:30 बजे तक सर्किट हाउस नीमच में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और तत्पश्चात होटल में बैठक में भाग लिया।