नीमच टुडे न्यूज़ | मंदसौर जिले में नकली खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। सिटी कोतवाली और नई आबादी थाना पुलिस ने फूड सेफ्टी और रेवेन्यू विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए नकली घी बनाने की फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात सीतामऊ फाटक क्षेत्र में किराए के मकान पर दबिश देकर पुलिस ने करीब 150 लीटर नकली घी जब्त किया। मौके से सोयाबीन तेल, बर्तन और देसी घी जैसी खुशबू पैदा करने वाला केमिकल भी बरामद हुआ। पुलिस ने अहमदाबाद निवासी सगे भाई गोपाल और संजय बागरी को गिरफ्तार किया है, जो पिछले तीन महीनों से मंदसौर में रह रहे थे। आरोपी सोयाबीन तेल में केमिकल और आर्टिफिशियल फ्रेगरेंस मिलाकर नकली घी तैयार करते थे और इसे ग्रामीण इलाकों में 200 रुपए किलो के भाव से बेचते थे। फूड सेफ्टी टीम ने सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं और आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।