नीमच टुडे न्यूज़ । जांगिड़ ब्राह्मण समाज, नीमच द्वारा आयोजित 49वें श्री विश्वकर्मा जन्मोत्सव समारोह में 162 सामाजिक प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। विधायक दिलीप सिंह परिहार ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान विश्वकर्मा की कुशाग्र तकनीकी कौशल कला ही आधुनिक विकसित भारत का प्रमुख आधार है। उन्होंने समाज के उद्योगपतियों और युवाओं को उद्योगों के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से किया गया।
जांगिड़ ब्राह्मण समाज धर्मशाला और हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें दौड़, स्लो साइकिल रेस, स्लो स्कूटी रेस, चेयर रेस, चम्मच रेस, फैंसी ड्रेस और सामाजिक सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं में समाज के सभी आयु वर्ग के बच्चों, महिलाओं और युवाओं ने भाग लिया। विजेताओं और उपविजेताओं को पुरस्कार और सम्मान प्रदान किए गए। इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती, समाज के अध्यक्ष सुरेश शर्मा, महामंत्री प्रवीण शर्मा, कोषाध्यक्ष राकेश शर्मा समेत बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के सदस्य विनय जांगिड़ और भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार ने अपने शुभकामना संदेश ऑनलाइन भेजे। कार्यक्रम का संचालन प्रवीण शर्मा और राकेश शर्मा ने किया।