नीमच टुडे न्यूज़ | धार नशीले पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे सतत अभियानों के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की मध्य प्रदेश इकाई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम पोस्ता की खेती का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई 30/31 जनवरी 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार CBN की जावरा द्वितीय खंड इकाई को सूचना मिली थी कि जिला धार की तहसील बदनावर अंतर्गत ग्राम नयापाड़ा में पहाड़ियों से घिरे वन क्षेत्र की भूमि पर एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से अफीम पोस्ता की खेती की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद CBN मध्य प्रदेश इकाई की एक विशेष टीम गठित कर 30 जनवरी को मौके पर भेजी गई। कार्रवाई के दौरान टीम ने लगभग 1734 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैली अवैध अफीम पोस्ता की फसल को चिन्हित किया। समस्त वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए मौके पर ही पूरी फसल को नष्ट कर दिया गया। साथ ही इस अवैध खेती में संलिप्त एक व्यक्ति को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया। CBN अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों की खेती, तस्करी और दुरुपयोग के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और नशा मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।