नीमच टुडे न्यूज़ | चीताखेड़ा-1 फरवरी संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती पर चीताखेड़ा में मेघवाल समाज द्वारा भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गांव में डीजे साउंड और ढोल-ढमाकों के साथ विशाल चल समारोह निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा का ग्रामीणों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। मेघवाल समाज धर्मशाला में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि मंडी समिति के पूर्व सदस्य राजेन्द्र सिंह तोमर ने संत रविदास जी के जीवन और विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समानता, एकरूपता और सामाजिक समरसता का संदेश देकर समाज को नई दिशा दी।
संत रविदास जी ने जाति-भेद और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष करते हुए सर्वजन कल्याण और राष्ट्र निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। कार्यक्रम की शुरुआत संत रविदास जी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई। मेघवाल समाज अध्यक्ष नागेश्वर जावरिया ने कहा कि संत रविदास जी का संदेश आज भी प्रासंगिक है, जो आपसी प्रेम, भाईचारे और बिना भेदभाव के समाज निर्माण की प्रेरणा देता है। इसके पश्चात विशेष सुसज्जित बग्गी में संत रविदास जी की झांकी के साथ शोभायात्रा निकाली गई, जो बाबा भीमराव अंबेडकर मार्ग, सदर बाजार, नीम चौक, जैन गली, बस स्टैंड व इंदिरा आवास कॉलोनी से होकर पुनः धर्मशाला पहुंची। कार्यक्रम के समापन पर आरती और सामूहिक स्नेह भोज का आयोजन किया गया।