नीमच टुडे न्यूज़ | चीताखेड़ा–1 फरवरी क्षेत्रीय विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि किसानों की समृद्धि में ही प्रदेश और देश की समृद्धि निहित है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसान हितैषी नीतियों के साथ समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। वे शनिवार को घसुण्डी जागीर में सार्वजनिक कम्युनिटी हॉल (डोम), टीन शेड सहित विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे।
विधायक परिहार ने कहा कि सरकार ने गांव-गांव को पक्की सड़कों से जोड़कर परिवहन को सुगम बनाया है, जिससे किसानों को अपनी उपज के बेहतर दाम मिल रहे हैं। उन्होंने लाडली बहना योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि बहनों को मिलने वाली राशि बढ़ाकर डेढ़ हजार रुपए की गई है, जिसे भविष्य में तीन हजार रुपए तक किया जाएगा। उन्होंने गांधी सागर परियोजना का पानी घर-घर और खेत-खेत तक पहुंचाने का भी भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने कहा कि उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुएं से राहत मिली है और भाजपा सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ की नीति पर कार्य कर रही है। इस दौरान विभिन्न गांवों में कम्युनिटी हॉल और शेड निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इसी अवसर पर उमराव सिंह चंद्रावत और हिम्मत सिंह चंद्रावत ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।