नीमच टुडे न्यूज़ । नीमच जिले में हुई भारी ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश से किसानों की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इस प्राकृतिक आपदा पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने इसे किसानों के लिए गंभीर त्रासदी बताया है। उन्होंने कहा कि कुदरत की इस मार ने अन्नदाता की कमर तोड़ दी है और खेतों में खड़ी फसलें पूरी तरह नष्ट हो चुकी हैं, जिससे किसान भारी आर्थिक संकट में फंस गया है। तरुण बाहेती ने जिला प्रशासन से मांग की है कि फसल नुकसान का आकलन करने के लिए राजस्व विभाग की टीमों को तुरंत गांव-गांव भेजकर निष्पक्ष और पारदर्शी सर्वे कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई नहीं की, तो किसानों की परेशानी और बढ़ जाएगी। ऐसे में त्वरित निर्णय और राहत कार्य आवश्यक हैं। बाहेती ने कलेक्टर नीमच से आग्रह किया कि इस आपदा को गंभीरता से लेते हुए प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत दी जाए और मुआवजे की प्रक्रिया बिना देरी शुरू की जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही सर्वे और मुआवजा वितरण की कार्रवाई शुरू नहीं हुई, तो कांग्रेस पार्टी किसानों के अधिकारों के लिए सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में कांग्रेस पार्टी और उसका प्रत्येक कार्यकर्ता पीड़ित किसानों के साथ मजबूती से खड़ा है और उनकी लड़ाई को हर स्तर पर आगे बढ़ाएगा।