नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिला कांग्रेस नीमच की समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार 1 फरवरी को होटल वृंदावन ग्रीन्स में संपन्न हुई। बैठक में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सह-प्रभारी संजय दत्त मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने की। बैठक में संगठन की मजबूती और आगामी रणनीति को लेकर विस्तार से मंथन किया गया। राष्ट्रीय सचिव संजय दत्त ने पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), बीएलए-2 की संशोधित सूची, जिला कार्यकारिणी के गठन तथा ब्लॉक, मंडल, पंचायत और वार्ड कमेटियों के गठन की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही विभिन्न प्रकोष्ठों एवं विभागों में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति, कार्यकर्ताओं के अनिवार्य प्रशिक्षण कार्यक्रम और पार्टी संपत्तियों से जुड़े निर्देशों की भी समीक्षा की गई। बैठक में प्रभारी यूसुफ कड़पा, पूर्व विधायक डॉ. सम्पत स्वरूप जाजू, प्रदेश सचिव सत्यनारायण पाटीदार, पूर्व जिलाध्यक्ष अरविन्द चोपड़ा, संगठन मंत्री ब्रजेश मित्तल, युवक कांग्रेस अध्यक्ष मनमोहन सिंह शक्तावत, नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापति सहित जिले के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और ब्लॉक अध्यक्ष उपस्थित रहे। अंत में जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए तय कार्ययोजना को शीघ्र पूर्ण करने का आह्वान किया।