बजट 2026 युवाओं के भविष्य से समझौता, सपनों को नहीं मिला सहारा — मनमोहनसिंह | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच बजट 2026 को लेकर युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनमोहनसिंह (मन्नू बन्ना) ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट देश के युवाओं की उम्मीदों पर पूरी तरह खरा नहीं उतरता। उन्होंने कहा कि सरकार युवा शक्ति की बात तो करती है, लेकिन रोजगार, शिक्षा और भविष्य की सुरक्षा को लेकर बजट में कोई ठोस रोडमैप नजर नहीं आता। मनमोहनसिंह ने कहा कि पढ़ाई पूरी कर चुके लाखों युवा रोजगार की तलाश में हैं, लेकिन स्थायी रोजगार सृजन के लिए कोई प्रभावी योजना सामने नहीं आई। स्टार्टअप और स्किल डेवलपमेंट के नाम पर केवल घोषणाएं की गई हैं, जमीनी स्तर पर युवाओं को न प्रशिक्षण मिल रहा है और न वित्तीय सहयोग। उन्होंने कहा कि बजट के बाद आर्थिक संकेत और शेयर बाजार की स्थिति भी यह दर्शाती है कि रोजगार पैदा करने वाली अर्थव्यवस्था को मजबूती नहीं मिली। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, संविदा कर्मचारियों और निजी क्षेत्र के युवाओं के लिए भी बजट में कोई विशेष राहत नहीं है। युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि बढ़ती महंगाई के बीच युवाओं की आय नहीं बढ़ी, जिससे उनका भविष्य दबाव में है। बजट 2026 युवा भारत की आकांक्षाओं को दिशा देने में असफल रहा है।

Top