नीमच टुडे न्यूज़ | मन्दसौर जिले के मल्हारगढ़ क्षेत्र में बेमौसम बारिश और तेज ओलावृष्टि ने किसानों की कमर तोड़ दी है। मनासाखुर्द, गोपालपुरा, जार्डा, हरमाला सहित कई गांवों में अफीम, गेहूं, सरसों, धनिया, चना, मसूर सहित सभी प्रमुख फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। कटाई से पहले आई इस आपदा से हजारों किसान परिवार गहरे संकट में आ गए हैं। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर ने प्रभावित किसानों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि विशेष रूप से अफीम उत्पादकों को सबसे अधिक नुकसान हुआ है, क्योंकि यह क्षेत्र की मुख्य और नियंत्रित फसल है। उन्होंने कहा कि सरकार को तुरंत संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। गुर्जर ने जिला प्रशासन से मांग की कि राजस्व, कृषि और नारकोटिक्स विभाग की संयुक्त टीम से तत्काल सर्वे कराया जाए तथा नुकसान को देखते हुए किसानों को न्यूनतम 1.5 से 2 लाख रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाए। साथ ही अफीम किसानों को लाइसेंस शुल्क में छूट, कर्ज पर ब्याज माफी और फसल बीमा क्लेम की शीघ्र प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि राहत नहीं मिली तो कांग्रेस किसानों के साथ आंदोलन करेगी।