नीमच टुडे न्यूज़ | जावरा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय वनवासी कृषि ग्रामीण मजदूर संघ द्वारा रतलाम जिले की जावरा तहसील में श्रद्धा और उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन संघ के राष्ट्रीय मंत्री भैरुलाल खदेड़ा के मार्गदर्शन, रतलाम जिला संयोजक राजू खराड़ी एवं नीमच जिला अध्यक्ष तथा नीमच-मंदसौर-रतलाम प्रभारी चंद्रशेखर जायसवार के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत संत रविदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इस अवसर पर जाटिया मोची समाज अध्यक्ष पीरुलाल जटिया का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया गया। राष्ट्रीय मंत्री भैरुलाल खदेड़ा ने संत रविदास जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने जाति-पाति का खंडन कर समानता, एकता और आत्मज्ञान का मार्ग दिखाया। जिला संयोजक राजू खराड़ी ने संत रविदास जी को भक्ति आंदोलन का महान संत बताते हुए उनके सामाजिक योगदान को स्मरण किया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए चंद्रशेखर जायसवार ने सभी अतिथियों व कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संघ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।