नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने केंद्रीय बजट 2026-27 को विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में एक बड़ा और दूरदर्शी कदम बताया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट तेजी से आगे बढ़ते मध्यप्रदेश के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगा। देवड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश की जीडीपी में निरंतर वृद्धि हो रही है। बजट में पूंजीगत व्यय को बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपये किया गया है तथा राज्यों के लिए विशेष पूंजीगत सहायता योजना में 2 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है, जिससे मध्यप्रदेश को लगभग 15 हजार करोड़ रुपये मिलने की संभावना है। इससे अधोसंरचना विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि बजट में गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति पर विशेष फोकस है। एमएसएमई, महिला उद्यमिता, हेल्थ केयर, पर्यटन, एआई रिसर्च और विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ावा देने वाले प्रावधान प्रदेश के समग्र विकास में सहायक होंगे।