नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं एडीएम बी.एस. कलेश के निर्देशन में भारत सरकार द्वारा स्वीकृत वन स्टॉप सेंटर (सखी) नीमच महिलाओं की सुरक्षा और सहायता में प्रभावी भूमिका निभा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी अंकिता पंड्या ने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से जूझ रही महिला (परिवर्तित नाम मनीषा) को सखी सेंटर के माध्यम से सुरक्षित संरक्षण मिला।मनीषा को विवाह के 15 वर्ष बाद संतान प्राप्ति हुई थी। प्रसव के दौरान मस्तिष्क संबंधी गंभीर समस्या उत्पन्न होने पर उनका ऑपरेशन कराया गया। इलाज के बाद चेकअप हेतु पति के साथ अहमदाबाद से लौटते समय वह मंदसौर में बिछड़ गई और भटकते हुए नीमच पहुंच गई। पुलिस प्रशासन के सहयोग से महिला को सुरक्षित वन स्टॉप सेंटर सखी नीमच के अस्थायी आश्रय में रखा गया। सखी सेंटर द्वारा महिला को परामर्श, चिकित्सा, पुलिस सहायता और सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया गया। प्रभारी प्रशासक दीपिका नामदेव एवं उनकी टीम ने पुलिस के सहयोग से महिला के परिजनों का पता लगाकर सूचना दी। बाद में एडीएम के निर्देश पर महिला को पहचान के बाद उसके भाई के सुपुर्द किया गया। इस प्रकार सखी सेंटर ने महिला की सुरक्षा और सम्मान को सार्थक किया।