नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले के सभी पशुपालकों को के.सी.सी. (किसान क्रेडिट कार्ड) उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने सोमवार को पशुपालन विभाग की मासिक समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि 1 मार्च से 30 अप्रैल तक जिले में विशेष के.सी.सी.अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत शतप्रतिशत पशुपालकों के प्रकरण तैयार कर उन्हें के.सी.सी. जारी करवाया जाएगा। नीमच, जावद और मनासा विकासखंड में प्रत्येक में न्यूनतम तीन-तीन हजार के.सी.सी. जारी करने का लक्ष्य रखा गया है। कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण समृद्धि में पशुपालन का महत्वपूर्ण योगदान है और के.सी.सी. के माध्यम से पशुपालकों को ब्याज मुक्त ऋण सुविधा प्रदान करके उनकी आय बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागीय मैदानी अमले के माध्यम से सभी पात्र पशुपालकों को के.सी.सी. सुनिश्चित करें। बैठक में कृत्रिम गर्भाधान और एफ.एम.डी. टीकाकरण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि 15 फरवरी तक निर्धारित लक्ष्य पूरी तरह से नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आचार्य विद्यासागर योजना, डेयरी प्लस योजना, बकरी पालन एवं बैकयार्ड योजनाओं में भी शतप्रतिशत लक्ष्यों के अनुरूप ऋण वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ, उप संचालक पशुपालन, विकासखंड स्तर के पशु चिकित्सक और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।