नीमच की पूजा प्रजापत ने रिपब्लिक डे कैम्प में ऑल इंडिया गार्ड ऑफ ऑनर में किया चयन, प्रदेश का नाम रौशन | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले के ग्राम चंगेरा की होनहार बेटी पूजा प्रजापत ने राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के रिपब्लिक डे कैम्प में अपनी उत्कृष्ट प्रदर्शन से इतिहास रच दिया है। पूजा का चयन ऑल इंडिया गार्ड ऑफ ऑनर के लिए हुआ, जिससे उन्होंने केवल नीमच जिले ही नहीं बल्कि पूरे मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया। पूजा ने लगभग चार महीने तक कठोर अनुशासन, अथक परिश्रम और निरंतर अभ्यास के साथ स्वयं को तैयार किया। इसके बाद कई चरणों की कठिन चयन प्रक्रिया से सफलतापूर्वक गुजरते हुए वे मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ डायरेक्टरेट की गार्ड ऑफ ऑनर टीम में शामिल हुईं।

दिल्ली में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के कैम्प में देशभर से आए हजारों कैडेट्स के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा हुई, जिसमें पूजा ने अपनी उत्कृष्ट ड्रिल, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के बल पर स्थान बनाया।रिपब्लिक डे कैम्प के दौरान पूजा को देश के शीर्ष नेतृत्व—उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, थल सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी एवं डीजी एनसीसी लेफ्टिनेंट जनरल विरेंद्र वत्स—के समक्ष गार्ड ऑफ ऑनर में भाग लेने का अवसर मिला। 5 मध्यप्रदेश बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल ज्योति प्रकाश ने कहा, “पूजा की यह उपलब्धि पूरे अंचल और प्रदेश की बेटियों की सामर्थ्य का प्रतीक है। उन्होंने साबित किया कि मजबूत इरादों और कड़ी मेहनत से गाँव की मिट्टी से देशभक्ति की खुशबू दिल्ली तक पहुँच सकती है।” पूजा की यह सफलता युवाओं और बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई है।

Top