नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच केंद्रीय विद्यालय प्रबंधन द्वारा विद्यालय परिसर के आसपास एवं किलेश्वर मंदिर रोड पर अवैध रूप से रखी गई गुमटियों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सोमवार, 2 फरवरी को प्रशासन, नगर पालिका और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने प्रभावी कार्रवाई की। इस दौरान किलेश्वर मंदिर रोड सहित आसपास के क्षेत्र से 20 से अधिक अवैध गुमटियों को हटाया गया। दोपहर के समय प्रशासन, नगर पालिका और पुलिस के अधिकारी अपनी-अपनी टीमों के साथ जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं अन्य आवश्यक संसाधनों के साथ केंद्रीय विद्यालय के समीप किलेवाले बाबा की दरगाह के सामने पहुंचे, जहां से अवैध गुमटियों को हटाने की कार्रवाई प्रारंभ की गई।
इसके बाद किलेश्वर मंदिर के सामने पुलिया तक सड़क किनारे अवैध रूप से रखी गई गुमटियों को हटाया गया। हटाई गई कई गुमटियों को ट्रैक्टर और जेसीबी की सहायता से बंगला नंबर 60 परिसर में पहुंचाया गया। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार संजय मालवीय, मुख्य नगरपालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया एवं कैंट थाना प्रभारी निलेश अवस्थी मौके पर मौजूद रहे। वहीं नगर पालिका की उपयंत्री अपर्णा गिरी, राजस्व अधिकारी टेकचंद बुनकर, स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक सहित राजस्व, लोक निर्माण और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी भी कार्रवाई में शामिल रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।