भारतीय मजदूर संघ एकमात्र राष्ट्रवादी संगठन जो सदैव श्रमिक हितों के लिए कार्यरत – सकलेचा | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच भारतीय मजदूर संघ सदैव मजदूरों एवं श्रमिकों के हितों के लिए कार्य करने वाला देश का एकमात्र राष्ट्रवादी संगठन है। संगठन का उद्देश्य पहले देश में उद्योगों के लिए निडर और सकारात्मक वातावरण तैयार करना तथा उसके बाद श्रमिकों के हितों की रक्षा करना है। यह विचार जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा ने विद्युत मंडल परिसर स्थित बिजली कर्मचारी महासंघ कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि संगठन के संस्थापक स्व. दत्तोपंत ठेंगड़ी जी ने राष्ट्रवादी विचारधारा के माध्यम से श्रमिकों को संगठित करने का बीड़ा उठाया, जिसके परिणामस्वरूप आज भारतीय मजदूर संघ देश का सबसे बड़ा श्रमिक संगठन बना है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि मध्यप्रदेश की मोहन सरकार मजदूरों, श्रमिकों और किसानों के कल्याण के लिए सतत कार्य कर रही है।

यह कार्यक्रम भारतीय मजदूर संघ नीमच द्वारा बिजली कर्मचारी महासंघ कार्यालय के उद्घाटन के पश्चात प्रथम आगमन एवं विधायक निधि से कार्यालय के नवीनीकरण हेतु राशि प्रदान करने पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संगठन के कार्यों की जानकारी दी गई तथा सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर विद्युत कर्मचारियों की साख संस्था द्वारा दिवंगत सदस्य  लच्छू रावत की पत्नी को 2 लाख 73 हजार रुपए की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन संस्था अध्यक्ष  राजेंद्र कुमार जैन ने किया एवं आभार  राजमल व्यास ने व्यक्त किया। बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Top