विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने खेतों में जाकर देखा ओलावृष्टि का दर्द, अफसरों को दिए सख्त निर्देश | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | जावद रविवार को हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने जावद विधानसभा क्षेत्र के किसानों की मेहनत पर कहर बरपाया। कई स्थानों पर खड़ी फसलें जमीन पर गिर गईं और कुछ खेतों में फसल सड़ने की स्थिति बन गई। इस गंभीर परिस्थिति में पूर्व कैबिनेट मंत्री और विधायक ओमप्रकाश सखलेचा सोमवार को प्रभावित गांव-गांव पहुंचे और किसानों के खेतों में उतरकर नुकसान का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से बातचीत कर फसल नुकसान की वास्तविक स्थिति जानी। किसानों ने बताया कि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से उत्पादन और फसल की गुणवत्ता दोनों प्रभावित हुई हैं।

खेतों में किसानों का दर्द देखकर सखलेचा ने कहा, “किसान हमारा अन्नदाता है, उनकी मेहनत पर पानी फिरते देख मन व्यथित है। संकट की इस घड़ी में सरकार और मैं किसानों के साथ खड़े हैं।” विधायक ने मौके पर ही पटवारी और आरआई को बुलाकर फसल नुकसान सर्वे तुरंत शुरू करने और पारदर्शी ढंग से करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्वे में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भेदभाव स्वीकार नहीं होगा। सखलेचा ने कलेक्टर से चर्चा की और मुख्यमंत्री व कृषि मंत्री से मिलने का भी निर्णय लिया, ताकि प्रभावित किसानों को अधिकतम राहत और मुआवजा दिलाया जा सके। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Top