स्वस्थ जीवन के लिए खेल-कूद आवश्यक, आईएमए ने मनाया खेल दिवस | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच स्वस्थ जीवन और मानसिक सुदृढ़ता के लिए नियमित खेल-कूद और शारीरिक गतिविधि अत्यंत आवश्यक हैं। यह केवल शरीर को तंदुरुस्त नहीं रखता, बल्कि सामाजिक और दीर्घकालिक स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव डालता है। यह विचार आईएमए अध्यक्ष डॉ. मनीष चमड़िया ने आईएमए के खेल दिवस के अवसर पर व्यक्त किए। द पिनैकल ग्लोबल स्कूल में रविवार को आयोजित इस खेल दिवस में चिकित्सक साथियों ने विभिन्न खेलों में भाग लिया।

शुरुआत में वॉर्म-अप, जुम्बा और एरोबिक्स डांस एक्सरसाइज कराई गई, जिसका संचालन  एलेना भंडारी, डॉ. मनीषा चमड़िया और डॉ. प्रियंका कदम ने किया। इसके बाद क्रिकेट, फुटबॉल, बास्केटबॉल, सतोलिया, खो-खो, कपल रिले रेस, ग्रुप गेम्स सहित बच्चों के लिए भी खेल आयोजित किए गए। आईएमए अध्यक्ष डॉ. मनीष चमड़िया ने बताया कि चिकित्सकों की खेल प्रतिभा को देखते हुए 15 से 30 जून तक डॉक्टर डे पखवाड़ा मनाया जाएगा, जिसमें विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी और विजेताओं को 1 जुलाई को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम में डॉ. आर.पी. माहेश्वरी, डॉ. राजेंद्र भंडारी, डॉ. मधु जोशी, डॉ. अनूप मंगल, डॉ. यशवंत पाटीदार सहित बड़ी संख्या में चिकित्सा जगत से जुड़े लोग उपस्थित थे। अंत में आभार सह-सचिव डॉ. स्वप्निल वाधवा ने व्यक्त किया।

Top