नीमच टुडे न्यूज़ । नीमच विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बोरखेड़ी खुर्द से झालरी तक बनने वाली सड़क के निर्माण कार्य का विधायक दिलीपसिंह परिहार ने भूमि पूजन किया। लगभग 2 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण 2 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक परिहार ने कहा कि इस सड़क के बनने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, आवागमन सुगम होगा और स्थानीय विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से प्रगति कर रहा है और भारत पुनः सोने की चिड़िया बनने की ओर अग्रसर है।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सर्वहारा वर्ग के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। विधायक ने बताया कि लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत महिलाओं को वर्तमान में 1500 रुपये प्रतिमाह मिल रहे हैं, जिसे आगामी समय में बढ़ाकर 3000 रुपये किया जाएगा। उज्ज्वला योजना से घर-घर गैस कनेक्शन पहुंचाया गया है, वहीं पशुपालन योजना में 25 से 30 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है। विधायक परिहार ने कहा कि भाजपा सरकार जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ गांव-गांव सड़क, 24 घंटे बिजली और चंबल जल परियोजना के माध्यम से हर खेत तक पानी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।