नीमच टुडे न्यूज़ | मंदसौर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए डेढ़ करोड़ रुपए कीमत की एमडी ड्रग्स के साथ दो कुख्यात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में प्रतापगढ़ (राजस्थान) का कुख्यात बदमाश गुलशेर लाला और हत्या प्रकरण में पैरोल से फरार नंदकिशोर उर्फ नंदू पाटीदार शामिल हैं।थाना सिटी कोतवाली के प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के पीछे पुलिस को मुखबिर से मिली जानकारी थी कि गुलशेर लाला बड़ी खेप लेकर मंदसौर की ओर आ रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को धर-दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.5 किलो एमडी ड्रग्स, 3.5 किलो डोडाचूरा, और दो बाइक जब्त की हैं। कुल जब्ती की कीमत लगभग 1.51 करोड़ रुपए आंकी गई है। गिरफ्तार नंदू पाटीदार साल 2022 में हुई हत्या के मामले में पैरोल पर था और फरार चल रहा था। वहीं गुलशेर लाला के खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी सहित चार अन्य आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। एसपी विनोद कुमार मीना ने बताया कि दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया जाएगा ताकि यह पता लगाया जा सके कि एमडी ड्रग्स कहां से लाई गई थी और किसे सप्लाई की जानी थी। पुलिस की विशेष टीम राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में भी तफ्तीश में जुटी है। यह गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है, क्योंकि दोनों आरोपी लंबे समय से उच्च प्राथमिकता वाले टारगेट थे।