नीमच टुडे न्यूज़ | श्री सांवरिया सेठ दरबार मंडफिया की वार्षिक पैदल यात्रा से पहले नीमच में भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला। मंगलवार शाम लायंस पार्क चौराहा पर भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालु देर रात तक सांवरा सेठ की भक्ति में झूमते नजर आए। भजन संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायक छोटू सिंह रावणा ने अपनी मधुर और ऊर्जावान प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। “म्हारो सेठ रखलो ”, “तीन बांड के धरी , जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरा परिसर सांवरा सेठ के जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, पदयात्रा समिति के सदस्य और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। भजन संध्या के माध्यम से आगामी पदयात्रा के लिए भक्तों में उत्साह और श्रद्धा का संचार हुआ। आयोजन के दौरान अनुशासन, व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी देखने को मिले। समिति सदस्यों ने बताया कि बुधवार, 4 फरवरी को सुबह 8:30 बजे लायंस पार्क चौराहा, नीमच से श्री सांवरिया सेठ दरबार मंडफिया तक वार्षिक पैदल यात्रा प्रारंभ होगी। करीब 90 किलोमीटर की यह पदयात्रा हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक बनेगी।