नीमच टुडे न्यूज़ | लगातार दो दिनों की तेजी के बाद गुरुवार 5 फरवरी को सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट दर्ज की गई। वायदा बाजार MCX में चांदी करीब 28 हजार रुपये टूट गई, जिससे एक किलो चांदी का भाव घटकर लगभग 2 लाख 40 हजार रुपये रह गया। वहीं सोने की कीमत में भी करीब 3 हजार रुपये की गिरावट आई और 10 ग्राम सोना लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये के स्तर पर पहुंच गया। सर्राफा बाजार में भी दाम फिसले हैं। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अनुसार चांदी 30 हजार रुपये से अधिक गिरकर 2 लाख 52 हजार रुपये प्रति किलो बिक रही है, जबकि 24 कैरेट सोना 3,600 रुपये से ज्यादा टूटकर 1 लाख 53 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि रिकॉर्ड ऊंचाई के बाद मुनाफावसूली, फिजिकल डिमांड में कमी और मार्जिन बढ़ने से कीमतों पर दबाव बना है। आने वाले दिनों में बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।