नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच उपनगर बघाना के पीएम एकीकृत शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय में आज अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण और नए कक्ष के निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम विधायक दिलीप सिंह परिहार द्वारा किया गया। दोनों कक्षों की अनुमानित लागत लगभग 32 लाख रुपए है। इस अवसर पर विधायक परिहार ने कहा कि बेटियों की शिक्षा पर केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की मोहन यादव सरकार विशेष ध्यान दे रही हैं। “बेटी पढ़ेगी तो दो कुल सुधरेंगे।” उन्होंने छात्राओं को उच्च शिक्षा और खेलकूद में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।मंडी व्यापारी संघ के अध्यक्ष राकेश भारद्वाज ने स्कूल को पीएम का दर्जा मिलने के बाद मिलने वाली विशेष सुविधाओं पर खुशी जताई। विद्यालय की प्राचार्य सुनीता प्रधान ने स्कूल और इसके विकास कार्यों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में मां सरस्वती पूजन और वंदना के साथ छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। लोकार्पण समारोह में पार्षद सुशीला रामलाल, प्रलय उपाध्याय, मुकेश जैन, एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन प्रतिभा जगधाने ने किया।