नीमच टुडे न्यूज़ | पुलिस थाना नीमच केंट ने वीर पार्क रोड स्थित राधिका साड़ी सेंटर से पर्स चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मामला दिनांक 02.02.2026 का है, जब दुकान मालकिन अवनी जोशी अपने दुकान में मौजूद थीं। दो अज्ञात व्यक्ति पहले दुपट्टा लेने का बहाना कर दुकान में आए और बाद में काउंटर पर रखे खाकी-ब्राउन कलर के पर्स में रखे 50,000 रुपये कैश चोरी कर फरार हो गए। शिकायत के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 54/2026 धारा 305(ए), 331(4) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने लगभग 50 सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और मुखबीर की सूचना पर सायबर सेल की तकनीकी सहायता ली। दिनांक 04.02.2026 को मुखबीर सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी नदीम (30) पुत्र मोहम्मद हमीद, निवासी कच्ची बस्ती निम्बाहेडा और सलमान (34) पुत्र निसार, निवासी मोर मगरी हाल मुकाम गांधी नगर, चित्तौड़गढ़, राजस्थान को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने चोरी की घटना को स्वीकार किया। चोरी का सामान और घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल बरामद कर ली गई है। इस सफलता में निरीक्षक नीलेश अवस्थी, प्रधान आरक्षक मनोज भाटी, सायबर सेल नीमच टीम और थाना नीमच केंट की पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।