नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जावद विकासखंड के ग्राम झांतला में शुक्रवार को संकल्प से समाधान अभियान के तहत क्लस्टर स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और संबंधित विभागों के जिला अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। ग्रामीणों की मांग पर कलेक्टर ने मुख्य नाले की सफाई, सड़क चौड़ीकरण, जलाशय एवं नहरों की मरम्मत और जल निगम की पाइपलाइन बिछाने के दौरान सड़क सुधार के कार्य तुरंत करवाने के आदेश दिए।
उन्होंने जिले की सभी लाड़ली लक्ष्मी छात्राओं की लंबित छात्रवृत्ति का भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया। कलेक्टर ने पशुपालन को बढ़ावा देने हेतु केसीसी अभियान को तेज करने, एफएमडी टीकाकरण करवाने और कृत्रिम गर्भाधान के माध्यम से नस्ल सुधार पर जोर दिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच और नि:शुल्क दवाइयां वितरित की। साथ ही, सभी ग्राम पंचायतों में सूक्ष्म खाद्य उद्योग इकाइयां स्थापित करने, मृत पशुओं के निपटान और अपशिष्ट प्रबंधन सुनिश्चित करने, तथा स्थानीय प्रसूति सुविधाओं को पुनः प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। शिविर में जिला पंचायत सीईओ, एसडीएम, सरपंच, जनप्रतिनिधि और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।