नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच राज्य स्तरीय खेलो एमपी यूथ गेम्स 2026 में नीमच के जूडो खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। यह प्रतियोगिता 27 से 30 जनवरी 2026 तक सागर (म.प्र.) में आयोजित की गई थी। नीमच जिला जूडो एसोसिएशन के सचिव एवं मुख्य प्रशिक्षक भरत सिंह कुमावत ने बताया कि प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश के 31 मान्यता प्राप्त जिलों ने हिस्सा लिया। बालिका वर्ग 48 कि.ग्रा में नीमच की वंशीका नागलोद ने अपने सभी मुकाबले जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में उनका मुकाबला भोपाल की आंचल से हुआ, जिसमें वंशीका को थोड़े अंतर से पराजय का सामना करना पड़ा और उन्होंने रजत पदक जीता। बालक वर्ग में नीमच के कई खिलाड़ियों ने भी अच्छे प्रदर्शन किए। 50 कि.ग्रा में हर्ष कुमावत, 55 कि.ग्रा में राकेश नागदा, 60 कि.ग्रा में अब्बास, 73 कि.ग्रा में दक्ष मांगरिया, 81 कि.ग्रा में जलज बोरीवाल और 90 कि.ग्रा में मंथन डाबले ने क्वार्टर फाइनल तक अपने मुकाबले जीतकर दमदार खेल दिखाया। बालिका वर्ग में भी काजल (40 कि.ग्रा), वंदना पाटीदार (44 कि.ग्रा), रिया पाटीदार (52 कि.ग्रा), अलफिया मंसूरी (57 कि.ग्रा), भावना सौलंकी (63 कि.ग्रा) और रिद्धिमा सैनी (70 कि.ग्रा) ने कड़े मुकाबले खेले और क्वार्टर फाइनल तक जीत हासिल की। हालांकि मेडल फाइट में सभी को थोड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा। नीमच जूडो टीम की यह प्रदर्शन उनकी मेहनत और समर्पण का परिचायक है, और आने वाले समय में और भी उपलब्धियां दिलाने की उम्मीद जगाता है।