गरोठ में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, 12 करोड़ का केमिकल जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | मंदसौर जिले के गरोठ थाना क्षेत्र में पुलिस ने एमडी ड्रग्स बनाने की एक बड़ी अवैध फैक्ट्री का खुलासा किया है। शनिवार देर रात पुलिस ने सुरजना गांव में दबिश देकर खेत में बने एक मकान से 12.5 किलो क्रूड एमडी केमिकल जब्त किया। जब्त किए गए केमिकल की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 12 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह फैक्ट्री गांधीसागर डूब क्षेत्र से लगे जंगल के समीप संचालित की जा रही थी, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फैक्ट्री संचालित कर रहे सुरजना निवासी दीपक सिकलीगर (32) और सुमीत सिकलीगर (29) को मौके से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है। गौरतलब है कि इसी गरोठ थाना क्षेत्र में इससे पहले भी जनवरी 2025 में खारखेड़ा गांव में नारकोटिक्स टीम ने एमडी ड्रग्स फैक्ट्री पर छापा मारा था। उस दौरान संतरे के बगीचे के बीच चल रही फैक्ट्री से करीब 50 करोड़ रुपये के केमिकल जब्त किए गए थे। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।

Top