नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच विकास नगर एवं हुडको कॉलोनी के संगम स्थल पर ब्रह्माकुमारी संस्थान के नवीन राजयोग साधना केन्द्र का शुभारंभ रविवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। उद्घाटन समारोह में विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि वे पिछले कई वर्षों से ब्रह्माकुमारी संस्थान से जुड़े हुए हैं और माउंट आबू जाकर शिविरों का लाभ भी ले चुके हैं। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारी बहनें और भाई नि:स्वार्थ सेवा, त्याग और तपस्या के माध्यम से भारत को विश्वगुरु बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। इनके भीतर राष्ट्रप्रेम और सेवा भावना स्पष्ट दिखाई देती है।नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा ने अपने उद्बोधन में बताया कि उन्होंने राजयोग का सात दिवसीय प्रशिक्षण प्राप्त किया है और नियमित रूप से राजयोग मेडिटेशन अपनाने से उन्हें गहरी शांति का अनुभव होता है। उन्होंने स्वयं को भाग्यशाली बताते हुए कहा कि उन्हें ब्रह्माकुमारी संस्थान की सेवा का अवसर मिलता रहता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजयोग तपस्विनी ब्रह्माकुमारी सविता दीदी ने की। उन्होंने सभी को नि:शुल्क राजयोग प्रशिक्षण लेने के लिए आमंत्रित किया, ताकि गृहस्थ जीवन में रहते हुए तनावमुक्त और खुशहाल जीवन जिया जा सके। राजयोगी ब्रह्माकुमार सुरेन्द्र भाई ने केन्द्र की उपयोगिता बताते हुए कहा कि यह केन्द्र हुडको कॉलोनी, विकास नगर, टीचर्स कॉलोनी और जवाहर नगर के नागरिकों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा। वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष चौपड़ा ने भी ब्रह्माकुमारी संस्थान से अपने संबंधों का उल्लेख करते हुए सेवा में सदैव तत्पर रहने की बात कही। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन, शिव प्रार्थना एवं सामूहिक शिवध्वजारोहण से हुई। संचालन बी.के. श्रुति बहन ने किया तथा अंत में प्रसादी वितरण किया गया।