नीमच पुलिस लाइन के हेड कांस्टेबल की आत्महत्या, पुलिस महकमें में हड़कंप | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच पुलिस लाइन में पदस्थ 50 वर्षीय हेड कांस्टेबल होशियार सिंह ने रविवार को जहर खाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उन्होंने तीन पेज के सुसाइड नोट लिखे, जो डीजीपी, डीआईजी और एसपी को समर्पित थे। सुसाइड नोट में उन्होंने पुलिस महकमें में व्याप्त भ्रष्टाचार का खुलकर उल्लेख किया और अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए। इसके साथ ही उन्होंने अपनी मौत की अनुमति की भी बात कही। जानकारी के अनुसार, हेड कांस्टेबल होशियार सिंह कुछ दिनों से छुट्टी पर थे। उन्हें सोमवार को ड्यूटी पर आना था, लेकिन उससे पहले उन्होंने जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। वह पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे और अपनी हालत के बारे में बताया। सूचना पाते ही कंट्रोल रूम में हड़कंप मच गया। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया और वहां से ज्ञानोदय हॉस्पिटल रैफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। होशियार सिंह ने सुसाइड नोट में लिखा कि पुलिस विभाग में भारी भ्रष्टाचार है, उनके शिकायती पत्र वायरल हो चुके हैं और उन्हें अपने ही लोग नुकसान पहुँचा सकते हैं। उन्होंने यह भी लिखा कि थाना पीसीआर और जीम पैसे से बिकते हैं। उनकी मौत से नीमच पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। आज जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम किया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Top