नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच किसानों की बिगड़ती स्थिति, हालिया ओलावृष्टि से फसलों को हुए भारी नुकसान और सरकार की कथित उदासीनता के विरोध में रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी नीमच के नेतृत्व में फोरजीरो स्थित भारत माता चौराहा पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे। प्रदर्शन के बाद राज्यपाल के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। धरने को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि किसान आज अभूतपूर्व संकट में है। प्राकृतिक आपदाओं से फसलें नष्ट हो चुकी हैं, लेकिन सरकार राहत देने में विफल रही है। उन्होंने मनरेगा को गरीब और मजदूर के सम्मान की गारंटी बताते हुए कहा कि इसे कमजोर करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसानों को तत्काल मुआवजा और लंबित फसल बीमा राशि का भुगतान होना चाहिए। पूर्व मंत्री नरेंद्र नाहटा ने कहा कि फसल बीमा योजना आज किसानों की बजाय बीमा कंपनियों के हित में काम कर रही है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने ओलावृष्टि से हुए नुकसान पर शीघ्र सर्वे कर उचित मुआवजा देने और अफीम को फसल बीमा दायरे में शामिल करने की मांग रखी। अंत में कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।