मनरेगा केवल योजना नहीं, गरीब का अधिकार है: मीनाक्षी नटराजन | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | जावद ग्रामीण रोजगार और मनरेगा के महत्व को लेकर कांग्रेस ने जावद विधानसभा क्षेत्र में मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को पूर्व सांसद  मीनाक्षी नटराजन अपने क्षेत्र दौरे पर विभिन्न गांवों में आयोजित “मनरेगा बचाओ चौपाल” को संबोधित किया। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मनरेगा केवल योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण गरीबों के लिए कानूनी अधिकार है। उन्होंने चेतावनी दी कि बजट में कटौती और नियमों की जटिलता इस अधिकार को खत्म करने की कोशिश है। नटराजन ने ग्राम रानपुर में स्वर्गीय कंचन बाई मेघवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की और बाद में गुजरखेड़ी, आम्बा चडोल व कोज्या में चौपालों को संबोधित किया। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर मजदूरी भुगतान, कार्य दिवसों में कटौती और रोजगार संबंधी समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि मशीनीकरण बढ़ाकर सरकार ग्रामीणों से रोजगार छीन रही है और लोग शहरों की ओर पलायन कर रहे हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने भी चौपाल में भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना की और पंचायत स्तर पर निगरानी कमेटी के गठन की घोषणा की। यह कमेटी मनरेगा कार्यों की निगरानी करेगी और ग्रामीण शिकायतों को जिला स्तर तक पहुंचाएगी। पूर्व जनपद अध्यक्ष सत्यनारायण पाटीदार, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनमोहन सिंह और अन्य नेता भी उपस्थित थे। ग्रामीणों ने मनरेगा बचाने और अपने अधिकार के लिए संगठित होने का संकल्प लिया।

Top