नीमच टुडे न्यूज़ | उज्जैन के योगेश्वरी टेकरी क्षेत्र में रविवार शाम करीब 4:30 बजे एक फ्रिज में शॉर्ट सर्किट के कारण विस्फोट हुआ, जिससे आग फैल गई। देखते ही देखते आग ने चार मकानों को अपनी चपेट में ले लिया और भारी नुकसान किया। घटना के समय घरों में कोई मौजूद नहीं था, इसलिए किसी की जान नहीं गई, टेकरी की ऊंचाई के कारण दमकल की गाड़ियां सीधे घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाईं। फायर ब्रिगेड ने नीचे से पाइप बिछाकर पानी पहुंचाया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से गोरेश्वरी तंवर का घर सबसे अधिक प्रभावित हुआ, उनका पूरा घर जलकर राख हो गया। पड़ोसियों के घरों में टीवी, फ्रिज, सोफा और कपड़े जल गए। गनीमत रही कि कोई घर में नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। CSP राहुल देशमुख ने बताया कि आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में फ्रिज ब्लास्ट और शॉर्ट सर्किट सामने आया है, लेकिन इसकी पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही होगी।