नीमच टुडे न्यूज़ | कुकड़ेश्वर नगर स्थित मंदिर की भूमि पर अवैध कॉलोनी काटे जाने के आरोप को लेकर आज मंदिर के पुजारी कलेक्टर कार्यालय नीमच पहुंचे और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम कुकड़ेश्वर स्थित सर्वे नंबर 1257 की भूमि मंदिर से जुड़ी हुई है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं | पुजारियों ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि उक्त भूमि को पूर्व में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवंटित किया गया था, लेकिन नियमानुसार तय अवधि में वहां किसी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। इसके बावजूद भूमि पर अवैध रूप से कॉलोनी काटने की गतिविधियां की जा रही हैं। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि इस संबंध में पहले भी कई बार आवेदन और शिकायतें प्रशासन को दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पुजारियों ने मांग की है कि मंदिर की पवित्र भूमि पर हो रही अवैध कॉलोनीकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए और उक्त भूमि को अवैध गतिविधियों से मुक्त कराया जाए।