नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच के न्यू इंदिरानगर के वार्डवासियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बताया कि उनके क्षेत्र में पेयजल पाइप लाइन न होने के कारण उन्हें गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। वार्डवासियों के अनुसार, क्षेत्र में पूर्व में लगी पाइप लाइन जर्जर स्थिति में थी, जिससे पानी नालियों और ड्रेनेज में मिलकर आता था। कुछ समय पहले विभाग के कर्मचारियों द्वारा यह पुरानी पाइप लाइन काट दी गई, लेकिन नई पाइप लाइन अभी तक नहीं डाली गई है। वर्तमान में वार्डवासियों को पानी की टंकी से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है, जिससे उन्हें न केवल कठिनाई हो रही है बल्कि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का भी सामना करना पड़ रहा है। समस्त वार्डवासियों ने कलक्टर से आग्रह किया है कि न्यू इंदिरानगर में शीघ्र नल की नई पाइप लाइन डालने की व्यवस्था कर पानी की समस्या का तत्काल समाधान किया जाए। ज्ञापन के साथ वार्डवासियों ने अपनी समस्याओं का समर्थन करने वाले दस्तावेज और तस्वीरें भी संलग्न की हैं।