ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल में नेत्र परीक्षण शिविर, 1135 विद्यार्थियों की हुई जांच | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल में विद्यार्थियों के नेत्र स्वास्थ्य को लेकर सोमवार, 9 फरवरी 2026 को विद्यालय परिसर में एक व्यापक नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के कुल 1135 छात्र-छात्राओं की आंखों की जांच की गई। जांच के दौरान बच्चों को आंखों से जुड़ी समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान और आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी गई। यह शिविर भंडारी हॉस्पिटल के नेत्र विशेषज्ञ डॉ. आदित्य भंडारी के मार्गदर्शन में उनकी टीम द्वारा संचालित किया गया। डॉ. भंडारी ने बच्चों में रोके जा सकने वाले अंधापन की समय पर पहचान और उपचार की आवश्यकता पर जोर दिया तथा स्वस्थ दृष्टि विकास के महत्व को समझाया। विद्यालय की निर्देशिका डॉ. गरिमा चौरसिया ने चिकित्सकीय टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए बच्चों को मोबाइल के सीमित उपयोग और स्क्रीन से उचित दूरी बनाए रखने की सलाह दी। वहीं प्रधानाचार्य सुशील कुमार ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य हर बच्चे की समग्र एवं विशेष नेत्र देखभाल सुनिश्चित करना है। यह शिविर नेत्र स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने में भी सफल रहा।

Top