नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले के रतनगढ़ क्षेत्र के आड़ा-अवला खाल में बुधवार को 2 से 3 मगरमच्छ देखे जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही आसपास के किसानों और रहवासियों में भय और दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों का कहना है कि खाल के आसपास खेत होने के कारण किसान रोजाना इस क्षेत्र से होकर गुजरते हैं, जिससे उनकी सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। विशेष चिंता बच्चों और मवेशियों की है, जिन्हें लेकर ग्रामीण तनाव में हैं। स्थानीय लोगों ने वन विभाग और प्रशासन से अनुरोध किया है कि मौके पर जल्द पहुंचकर मगरमच्छों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न हो। फिलहाल प्रशासन ने खाल के आसपास जाने से बचने की चेतावनी जारी की है और ग्रामीण सतर्क रहने की सलाह मान रहे हैं।